बारिश से आवागमन बाधित, परेशान ग्रामीणों ने नाले पर ऊंची पुलिया निर्माण की मांग

WhatsApp Channel Join Now
बारिश से आवागमन बाधित, परेशान ग्रामीणों ने नाले पर ऊंची पुलिया निर्माण की मांग


जगदलपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिले के ग्राम पंचायत गरावंडकला में गरावंडकला से हाटगुड़ा पहुंच मार्ग के बीच छोटी पुलिया को लेकर ग्रामीण एकजुट हाेकर नाले पर ऊंची पुलिया निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग कुम्डाकोट से होकर नगरनार तथा सांसद निवास क्षेत्र तक पहुंचने वाला मार्ग है, लेकिन पुजारीगुड़ा से हाटगुड़ा के बीच पड़ने वाले छोटे नाले के कारण हल्की बारिश में भी आवागमन प्रभावित हो जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार नाले में पानी भरने के बाद मार्ग से आवाजाही बाधित हो जाती है, जिसके कारण लोगों को लंबा रास्ता तय कर दूसरे मार्ग से जाना पड़ता है। हाटगुड़ा और जगदलपुर के बीच आवागमन के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस मार्ग पर बार-बार ऐसी स्थिति बनने से ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि नाले पर पर्याप्त ऊंचाई वाली पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के दिनों में भी आवागमन सुचारू बना रहे।

इस समस्या को लेकर गरावंडकला के सरपंच दयाराम कश्यप ने आज बुधवार काे ग्राम पंचायत के वार्डवासियों के साथ मिलकर ग्रामीणों की मांग शासन-प्रशासन तक पहुंचाई गई है। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की सुविधा और सुचारू आवागमन को देखते हुए पुलिया निर्माण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनका कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने शासन से शीघ्र पहल कर पुल निर्माण की मांग की है।

---------------

सरपंच दयाराम कश्यप एवं ग्रामीणाें ने

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story