कमालूर-भांसी सेक्शन पर रेलवे ट्रैक डबलिंग का काम हुआ पूरा, संचालन की मिली मंजूरी
जगदलपुर, 04 जुलाई । जिले के कमालूर और भांसी स्टेशनों के बीच जगदलपुर-किरंदुल डबलिंग परियोजना के तहत तैयार दूसरी रेल लाइन का रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने निरीक्षण किया। निरीक्षण और स्पीड ट्रायल सफल रहने के बाद 12 .428 किलोमीटर लंबे इस सेक्शन को ट्रेन संचालन के लिए फिट घोषित किया गया है।
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण पूर्वी सर्किल के रेल संरक्षा आयुक्त बृजेश कुमार मिश्रा ने इस सेक्शन का वैधानिक निरीक्षण एक दिन पहले किया था। इस दौरान ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, ओवरहेड उपकरण, पुल, लेवल क्रॉसिंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की थी। सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद दूसरी लाइन को संचालन की मंजूरी आज शनिवार काे दे दी गई।
कमालूर-भांसी सेक्शन दुर्गम क्षेत्र से होकर गुजरता है। यह सेक्शन नवगठित रायगढ़ा रेल मंडल में किसी डबलिंग परियोजना का पहला रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) का निरीक्षण रहा। आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक से तैयार इस दूसरी लाइन के शुरू होने से जगदलपुर-किरंदुल रेल कॉरिडोर की क्षमता बढ़ेगी। खासकर लौह अयस्क (आयरन ओर) की मालगाड़ियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी और मौजूदा लाइन पर दबाव कम होगा। इससे यात्री ट्रेनों के संचालन में भी परिचालन दक्षता में सुधार होने की उम्मीद है।रेलवे के अनुसार यह उपलब्धि पूर्व तटीय रेलवे की रेल अवसंरचना को मजबूत करने, माल परिवहन को गति देने, सुरक्षित और भरोसेमंद रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

