रेलवे सुरक्षा बल का 42वां स्थापना दिवस समारोह 12 अक्टूबर को

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे सुरक्षा बल का 42वां स्थापना दिवस समारोह 12 अक्टूबर को


भव्य परेड में दिखेगा आरपीएफ का अनुशासन, साहस और कार्यकुशलता का प्रदर्शन

उत्कृष्ट सेवा के लिए आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों को प्रदान किए जाएंगे प्रतिष्ठित पदक

रायपुर, 11 अक्टूबर (हि. स.)। भारतीय रेल में यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा तथा सुरक्षित रेल परिचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का 42वां स्थापना दिवस समारोह 12 अक्टूबर को रेलवे वर्कशॉप ग्राउंड, रायपुर में गरिमामय एवं भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर आयोजित होने वाली समारोह परेड में आरपीएफ के अनुशासन, साहस, समर्पण और परिचालन क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, आधुनिक सुरक्षा तकनीकों पर आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे तकनीकी नवाचारों और डिजिटल पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा।

समारोह में आरपीएफ की महानिदेशक सोनाली मिश्रा, आईपीएस, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, आरपीएफ के महानिरीक्षक मुनावर खुर्शीद तथा छत्तीसगढ़ प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

स्थापना दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण भव्य परेड होगी, जिसमें आरपीएफ के विभिन्न दस्ते अपनी अनुशासनबद्ध कार्यशैली, प्रशिक्षण, तत्परता और परिचालन दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। परेड में महिला दस्ता, कमांडो रैपिड एक्शन टीम (कोरास), डॉग स्क्वॉड तथा सेगवे दस्ता शामिल होंगे। इन दस्तों की सहभागिता रेलवे सुरक्षा बल की विविध परिचालन क्षमताओं, विशेष सुरक्षा अभियानों, प्रशिक्षित श्वानों की सहायता से सुरक्षा व्यवस्था तथा आधुनिक उपकरणों के माध्यम से गश्त करने की दक्षता को प्रदर्शित करेगी। महिला दस्ते की भागीदारी बल में महिला कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करेगी, जबकि कोरास कमांडो दस्ता विशेष परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई के लिए आरपीएफ की परिचालन तैयारियों को प्रदर्शित करेगा।

समारोह के दौरान आरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों को उनकी विशिष्ट सेवाओं, सराहनीय कार्यों और उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें विशिष्ट सेवा के लिए 3 राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा के लिए 30 पुलिस पदक तथा वर्ष 2024 में एक रेल यात्री का जीवन बचाने के लिए एक जीवन रक्षा पदक शामिल हैं। यह सम्मान स्वतंत्रता दिवस, 2025 तथा गणतंत्र दिवस, 2026 के अवसरों पर घोषित पदकों से संबंधित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story