रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का 12 अक्टूबर को रायपुर प्रवास, आरपीएफ के 42वें स्थापना दिवस समारोह में होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 12 अक्टूबर को रायपुर दाैरे पर रहेंगे। इस दौरान वे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।

रेल मंत्री के दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। हर दिन परेड की रिहर्सल कराई जा रही है। वहीं रायपुर रेलवे स्टेशन से लेकर आयोजन स्थल तक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अधिकारियों की टीम लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की कमी न रहे।

रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर नए फुटओवर ब्रिज के लिए लिफ्ट लगाने का काम तेजी से चल रहा है। वहीं खमतराई ब्रिज के दोनों तरफ पर्दादारी की गई है। गुमटियों और ठेलों को भी बंद करवाया गया है। डीआरएम कार्यालय से लेकर आयोजन स्थल तक साज-सज्जा का काम चल रहा है। खमतराई ओवरब्रिज के दोनों ओर रंगीन पर्दे लगाने के लिए बांस-बल्लियां लगाई गई हैं। रेलवे इंस्टीट्यूट के बाजू से रेल मंत्री के मंच तक मैदान में सीसी रोड का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा ग्राउंड के चारों ओर मुरम की सड़कें बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है।

रेल मंत्री आरपीएफ जवानों की परेड और रिहर्सल का निरीक्षण करेंगे। आरपीएफ की बैंड पार्टी भी प्रस्तुतियां देंगी। ऐसे में रेलवे सुरक्षा बल के 42वें स्थापना दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story