राहुल गांधी को चुनाव आयोग और देश से माफी मांगनी चाहिए : मुख्यमंत्री साय

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी को चुनाव आयोग और देश से माफी मांगनी चाहिए : मुख्यमंत्री साय


रायपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि लगभग सौ बार चुनाव हार चुके कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब बौखलाहट में लगातार देशद्रोही आचरण पर उतारू हो गए हैं।

मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें चुनाव आयोग और देश से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के संयुक्त बयान ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के आरोपों की पोल खोल दी है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रविवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों के संयुक्त वक्तव्य से स्पष्ट हो गया है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) सहित सभी प्रमुख निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को कमजोर करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि उसके सभी निर्णय सामूहिक रूप से लिए गए हैं और इस संबंध में लगाए गए आरोप निराधार हैं।

साय ने कहा कि जिस पत्र का उल्लेख कुछ मीडिया रिपोर्टों में किया गया है, उसका एसआईआर या किसी नीतिगत विषय से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राष्ट्रपति के प्रति जवाबदेह है और इस प्रकार के आरोप तथ्यों से परे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सर्वोच्च न्यायालय पहले ही एसआईआर और फॉर्म-6 सहित विभिन्न चुनावी प्रक्रियाओं को वैध ठहरा चुका है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव में हार के बाद ईवीएम, चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है, जबकि जीत मिलने पर उसी चुनावी प्रक्रिया को स्वीकार कर लेती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों को इस विरोधाभास पर आत्ममंथन करना चाहिए।

उन्होंने राहुल गांधी के पूर्व बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे लगातार देश की संवैधानिक संस्थाओं की छवि धूमिल करने का प्रयास करते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है और कांग्रेस को निराधार आरोप लगाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करना चाहिए।

पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद संतोष पांडेय, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज तथा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story