राहुल गांधी देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
-भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, भ्रष्टाचारी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा
रायपुर 19 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। वे देश को कमजोर करने और अराजकता फैलाने वाले बयान दे रहे हैं। चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत के लिए न्यायालय जाने का संवैधानिक रास्ता है। लेकिन राहुल गांधी न्यायालय में जाने के बजाय चुनाव परिणामों पर बेबुनियाद सवाल उठा रहे हैं। उन्हें न संविधान पर भरोसा है और न ही देश की न्याय व्यवस्था पर।
साव ने गुरुवार काे कहा कि कांग्रेस का इतिहास ही चुनावी अनियमितताओं से जुड़ा रहा है। एक समय न्यायालय ने कांग्रेस के प्रधानमंत्री के चुनाव को अनैतिक आचरण के आधार पर अमान्य ठहराया था। इसके बावजूद आज कांग्रेस दूसरों पर सवाल उठा रही है। जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सीटें बढ़ी थी। वर्ष 2018 के मुकाबले उसे अधिक सीटें मिलीं। इसके बाद भी राहुल गांधी लगातार झूठ और भ्रामक आरोपों के जरिए देश को बदनाम करने में जुटे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। देश की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने और विकास की राह में बाधा डालने वालों को जनता उचित जवाब देगी। देश को कमजोर करने और अराजकता फैलाने की राजनीति अब अधिक समय तक नहीं चलने वाली है।
साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है। जहां भी भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती है, वहां ठोस कार्रवाई की जाती है। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। यह विष्णु का सुशासन है। भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्ति चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

