राहुल गांधी क्या कांग्रेस पदाधिकारियों को आलू से सोना निकालकर छग को समृद्ध बनाने की कला सिखाएंगे? : विधायक पुरंदर मिश्रा
रायपुर, 20 जून (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने 21 जून राहुल गांधी छत्तीसगढ़ आएंगे। उनके इस प्रवास को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने प्रवास पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राम को काल्पनिक मानने वाले राहुल गांधी राम के ननिहाल आ रहे हैं, उनका स्वागत है। राहुल गांधी क्या कांग्रेस पदाधिकारियों को आलू से सोना निकालकर छत्तीसगढ़ को समृद्ध बनाने की कला सिखाएंगे?
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने शनिवार काे पत्रकाराें से चर्चा में कहा कि दिल्ली से जोकर आ रहा है। दस दिनों तक छत्तीसगढ़ में सर्कस चलेगा। उन्होंने कांग्रेस नेता पर हमला जारी रखते हुए कहा कि राम को काल्पनिक मानने वाले राहुल गांधी राम के मामा गांव आ रहे हैं, उनका स्वागत है। कांग्रेस में वैसे भी लेन-देन का चलन है, पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त रही है। ऐसे में राहुल गांधी क्या पदाधिकारियों को आलू से सोना निकालकर छत्तीसगढ़ को समृद्ध बनाने की कला सिखाएंगे?
भाजपा विधायक के इस बयान पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने पलटवार करते हुए कहा कि पुरंदर मिश्रा मेंटली डिस्टर्ब हो चुके हैं। उन्हें पागलखाने में एडमिट करने का समय आ गया है। भाजपा वाले अगर इलाज के लिए नहीं ले जा पा रहे हैं, तो कांग्रेस इलाज कराने के लिए तैयार है। एक बार के एक्सीडेंटल विधायक पुरंदर मिश्रा अपना कद बढ़ाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज से शुरू होने जा रहा है, जिसका आयोजन अभनपुर में किया जाएगा। इस शिविर में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। 21 जून को राहुल गांधी रायपुर पहुंचेंगे और करीब साढ़े पांच घंटे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद रहकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

