रबी धान कटाई शुरू, खेतों में बढ़ी रौनक

WhatsApp Channel Join Now
रबी धान कटाई शुरू, खेतों में बढ़ी रौनक


धमतरी, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिले में रबी सीजन की धान फसल अब पूरी तरह पककर तैयार हो गई है और किसानों ने कटाई कार्य तेज कर दिया है। ग्राम डाही सहित आसपास के गांव—छाती, सेमरा, सेनचुवा, बगदेही, चोरभट्ठी, भुसरेंगा, कन्हारपुरी, बगौद, भखारा, डोमा, गुजरा, रींवागहन, दरगहन, रावां, कुर्रा, सांकरा, भोथली, पीपरछेड़ी, गागरा, कण्डेल, उड़ेना और देवपुर में इन दिनों खेतों में हलचल बढ़ गई है।

सुबह से लेकर शाम तक खेतों में मजदूरों और किसानों की आवाजाही साफ देखी जा सकती है। कई जगहों पर पारंपरिक तरीके से तो कहीं आधुनिक मशीनों के जरिए धान कटाई का कार्य जारी है। खेतों में धान की बालियां और कटाई में किसान जुटे हुए हैं। किसान कोमल ठाकुर, युधिष्ठिर सिन्हा, डामन सिन्हा, संजय का कहना है कि इस बार रबी धान की फसल अच्छी रही है। किसान शोभित राम साहू, जगत साहू, देवेंद्र कुमार और मोहित साहू ने बताया कि खरीफ की तुलना में रबी धान में कीट प्रकोप कम देखने को मिला, जिससे उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि अगले पखवाड़े भर में अधिकांश खेतों की कटाई पूरी हो जाएगी।

जानकारों के अनुसार, धमतरी जिले में इस बार दलहन और तिलहन फसलों के साथ-साथ बड़ी संख्या में किसानों ने धान की भी खेती की थी। जिन किसानों ने समय पर बुवाई और रोपाई की, उनकी फसल पहले ही पककर तैयार हो गई है और अब कटाई योग्य हो चुकी है। वहीं कुछ खेतों में फसल अंतिम पकाव की अवस्था में है, जहां जल्द ही कटाई शुरू होगी। किसान देवांगन, थानू राम साहू, मंशा खरे, गजरू मरकाम, ठेलू सिन्हा, चंद्रहास मंडावी, डेरहा राम गौतम ने कहा कि महीनेभर के भीतर धान की कटाई पूरी हो जाएगी। कटाई के साथ ही किसानों की नजर अब मिंजाई और भंडारण पर भी टिकी हुई है। मौसम की अनुकूलता को देखते हुए किसान तेजी से काम निपटाने में जुटे हैं, ताकि उपज को सुरक्षित रखा जा सके। किसान बेहतर उत्पादन की आशा के साथ पूरी लगन से धान कटाई में जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story