चार जिलों में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, सड़क संधारण में लापरवाही पर ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के निर्देश
बलरामपुर/सूरजपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने दो दिनों तक जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों का दौरा कर सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेजों, अस्पतालों और अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जांच की। सड़क संधारण में लापरवाही और निर्माण कार्यों में देरी पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने, बैंक गारंटी राजसात करने और सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
सचिव बंसल ने प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर सहित संबंधित संभागों के कार्यपालन अभियंताओं, अनुविभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ विभिन्न निर्माण स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने जशपुर, मनोरा, सन्ना, बगीचा, कांसाबेल, बागबहार, कोतबा, लुड़ेग, सीतापुर, पत्थलगांव, मैनपाट, दरिमा, राजपुर, प्रतापपुर, भैयाथान और सूरजपुर में सड़क संधारण और निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के निरीक्षण के दौरान संधारण अवधि में उचित रखरखाव नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर सचिव ने संबंधित ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के लिए नियमानुसार नोटिस जारी करने और संधारण कार्य में सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। दरिमा-मैनपाट मार्ग पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल की पेंटिंग कराने को भी कहा। वहीं सोनतराई-मैनपाट मार्ग पर कमलेश्वरपुर थाना चौक से कैंप नंबर-2 मंदिर तक 1.20 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाने के लिए संशोधित प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
कमलेश्वरपुर में निर्माणाधीन कॉलेज भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने 15 दिसंबर तक भूतल के 50 प्रतिशत स्लैब की ढलाई और 15 जनवरी 2027 तक पूरे भूतल का स्लैब निर्माण पूरा करने की समय-सीमा तय की। कॉलेज के लिए चिह्नांकित भूमि का सीमांकन कराने और अवैध कब्जा मिलने पर कलेक्टर के समन्वय से उसे हटाने को कहा। भवन में टाटा वायरॉन फेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण में धीमी प्रगति पर सचिव ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निर्माण की गुणवत्ता और नियमित निगरानी के लिए अनुभवी अभियंता नियुक्त करने को कहा। निगरानी व्यवस्था के तहत उप अभियंता को प्रतिदिन, अनुविभागीय अधिकारी को दो दिन में एक बार तथा अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को हर 30 दिन में निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
दरिमा एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान टर्मिनल भवन के सामने की सड़क पर रि-कारपेटिंग कराने और एयरपोर्ट के किनारे बीसीएएस मानकों के अनुरूप बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव भेजने को कहा गया। परिसर में घास की कटाई तत्काल शुरू कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय भवन और परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, छत की मरम्मत, घास-फूस हटाने और परिसंपत्तियों के रखरखाव पर ध्यान देने को कहा। कार्यालय परिसर में बाउंड्रीवॉल, शेड, क्वार्टरों की मरम्मत और जल निकासी के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए।
सूरजपुर जिले में सचिव ने बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग का निरीक्षण कर डामरीकरण तत्काल शुरू करने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने 27 किलोमीटर लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग की प्रगति भी देखी। ठेकेदार ने बताया कि करीब 10 किलोमीटर सड़क पर डब्ल्यूएमएम का काम पूरा हो चुका है और बैच मिक्स प्लांट स्थापित कर दिया गया है। अगले तीन-चार दिनों में प्लांट का कैलिब्रेशन पूरा कर डामरीकरण शुरू करने की बात कही गई। ठेकेदार ने जून 2027 तक अनुबंध के सभी कार्य पूरे करने का आश्वासन दिया। सचिव ने जल्द डामरीकरण शुरू कर तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्टर बंगले में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, सूरजपुर ऑडिटोरियम की मरम्मत और अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सचिव ने केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत उन्नयन और मजबूतीकरण किए गए राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का निरीक्षण किया। करीब 29.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जनवरी 2026 में 89 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से काम कराया गया है। सड़क पांच साल की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है। सचिव ने सड़क की स्थिति और संधारण व्यवस्था का जायजा लिया।
दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, सड़क संधारण में लापरवाही पर नियमानुसार कार्रवाई करने और सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे कराने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

