जर्जर सड़क पर मंत्री की नाराजगी, अधिकारियाें पर कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जर्जर सड़क पर मंत्री की नाराजगी, अधिकारियाें पर कार्रवाई के निर्देश


बलरामपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के प्रतापपुर से सेमरसोत होते हुए एनएच-343 को जोड़ने वाली मुख्य पीडब्ल्यूडी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नाराजगी जताई है। शिक्षक दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे मंत्री को जर्जर सड़क के कारण करीब दो घंटे की देरी हुई। रास्ते में सड़क की स्थिति देखने के बाद उन्होंने मौके से ही कलेक्टर से फोन पर चर्चा की और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ सड़क की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

लगातार बारिश के कारण सड़क की हालत और खराब हो गई है। मार्ग पर कई जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरा हुआ है। पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि बारिश शुरू होने से कुछ महीने पहले पीडब्ल्यूडी विभाग ने इस सड़क पर पेंच रिपेयर का काम कराया था। इसके बावजूद कुछ ही समय बाद सड़क दोबारा उखड़ने लगी और कई जगह गड्ढे बन गए। इससे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और उसकी निगरानी को लेकर स्थानीयस्तर पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर पर्याप्त ध्यान दिया गया होता और नियमित निगरानी की गई होती तो सड़क की स्थिति इतनी खराब नहीं होती। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से आवागमन और ज्यादा मुश्किल हो गया है।

रात में सफर करना ज्यादा खतरनाक

सड़क की बदहाल स्थिति से रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। दिन में वाहन चालक गड्ढों को देखकर किसी तरह उनसे बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात में पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

एनएच-343 के निर्माण के चलते बढ़ी अहमियत

बलरामपुर-अंबिकापुर एनएच-343 के निर्माण कार्य के चलते प्रतापपुर-सेमरसोत पीडब्ल्यूडी सड़क का महत्व और बढ़ गया है। मुख्यालय से अंबिकापुर की ओर आने-जाने वाले लोगों के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल हो रहा है। ऐसे में सड़क की खराब हालत से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

मंत्री की नाराजगी के बाद कार्रवाई की उम्मीद

जर्जर सड़क से गुजरते समय कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मौके पर सड़क की स्थिति देखी और नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल कलेक्टर से चर्चा कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। अब मंत्री के निर्देश के बाद सड़क की मरम्मत और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर लोगों की नजर बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story