बिहान योजना से जुड़कर पुष्पा देवी महंत ने घरेलू उत्पादों के निर्माण को बनाया आजीविका का आधार

WhatsApp Channel Join Now
बिहान योजना से जुड़कर पुष्पा देवी महंत ने घरेलू उत्पादों के निर्माण को बनाया आजीविका का आधार


जांजगीर-चांपा, 17 अक्टूबर (हि. स.)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ ग्रामीण महिलाओं को अपने कौशल के माध्यम से आजीविका के अवसर विकसित करने का मंच प्रदान कर रहा है। इसी क्रम में ग्राम खैरा निवासी पुष्पा देवी महंत घरेलू उपयोग की वस्तुओं के निर्माण के कार्य से जुड़कर अपनी पहचान बना रही हैं।

श्रीमती पुष्पा देवी महंत ‘होममेड पुष्पा’ के नाम से अपना काम संचालित करती हैं। वे हैंडवॉश, साबुन, डिटर्जेंट, डिशवॉश, शैम्पू और अगरबत्ती सहित दैनिक उपयोग के विभिन्न उत्पाद तैयार करती हैं। घर से ही इन वस्तुओं का निर्माण कर वे अपनी मेहनत और कौशल को आय अर्जित करने का माध्यम बना रही हैं।

घरेलू उत्पाद तैयार करने की उनकी यह पहल स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार की संभावनाओं को दर्शाती है। अपने कार्य के माध्यम से श्रीमती महंत परिवार की आय में योगदान देने के साथ ही अपने हुनर को भी आगे बढ़ा रही हैं।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्व सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका के अवसरों से जोड़ना है। श्रीमती पुष्पा देवी महंत का प्रयास इस दिशा में महिलाओं की भागीदारी और कौशल विकास का उदाहरण है।

अपने कार्य को आगे बढ़ाने के अवसर के लिए श्रीमती पुष्पा देवी महंत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762755 Articles

Share this story