सिंचाई पंप चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 30 सितंबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही सिंचाई पंप और मोटर पंप चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आज बुधवार को पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के दो 1/2 एचपी डबल पंप भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, डुप्पी निवासी रामभगत ने 26 सितंबर की रात अपनी बाड़ी में लगे एतवा कंपनी के डबल पंप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी तरह विनोद कुमार जायसवाल ने 27 सितंबर की रात बाड़ी में लगे 1/2 एचपी मोटर पंप चोरी होने की शिकायत की थी। दोनों मामलों में राजपुर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए रामबिलास अग्रिया और उसके साथियों के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने दोनों पंप चोरी करने के साथ ही क्षेत्र में अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने 2 फरवरी को ग्राम बदौली के खेत से सोलर समर्सिबल पंप तथा 15 जुलाई को ग्राम धंधापुर से सोलर पंप स्टार्टर और केबल तार चोरी करने की जानकारी भी दी।
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए पंप और अन्य सामान कबाड़ी के माध्यम से बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांटी जाती थी। डुप्पी से चोरी किए गए पंपों को बिक्री के लिए छिपाकर रखा गया था, जिन्हें पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर बरामद कर जब्त किया। जांच में थाना राजपुर के पूर्व में दर्ज अपराध क्रमांक 57/2026 और 185/2026 में भी आरोपितों की संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
गिरफ्तार आरोपितों में रामबिलास अग्रिया (30), रामजीत रवि (29) और रामलल्लू मानिकपुरी (22), सभी निवासी डुप्पी, थाना राजपुर शामिल हैं। तीनों को 29 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों और संभावित आरोपितों के संबंध में विवेचना जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

