सूरजपुर : आत्मनिर्भर दलहन प्रोत्साहन योजना के तहत 90 किसानों को अनुदान पर मिला दलहन बीज

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। मंगलवार को आत्मनिर्भर दलहन प्रोत्साहन योजना के तहत विकासखंड के ग्राम पंचायत सोनगरा में 90 किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर अरहर और उड़द के बीज वितरित किए गए। इस योजना के माध्यम से 50 एकड़ क्षेत्र में दलहन की खेती को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर रेना जमील, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले और उप संचालक कृषि संपदा पैकरा के निर्देशानुसार किया गया। स्थानीय सरपंच कृष्णा सिंह, जनपद सदस्य राजेश कुमार पोर्ते तथा ग्राम पंचायत के पंचों की उपस्थिति में किसानों को बीज वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को धान के साथ-साथ दलहन और अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इससे किसानों को कृषक उन्नति योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का अधिक लाभ मिल सकेगा और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा पात्र किसानों को अनुदान पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खरीफ मौसम में किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं से फसलों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी शिव शंकर यादव, कृषि विकास अधिकारी शैलेन्द्र पटेल सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story