बलरामपुर : पल्स पोलियो अभियान में जिले ने हासिल किया शत-प्रतिशत लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : पल्स पोलियो अभियान में जिले ने हासिल किया शत-प्रतिशत लक्ष्य


बलरामपुर, 30 जून (हि.स.)। आज मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पांच वर्ष तक के सभी लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के 1 लाख 10 हजार 908 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमों ने गांवों, दूरस्थ वनांचलों, दुर्गम बस्तियों और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर बच्चों का सत्यापन किया। अंतिम दिन छूटे हुए बच्चों को चिन्हित कर उनके घर पहुंचकर पोलियो की दो बूंद पिलाई गई, जिससे शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सका।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले की सराहना की। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story