नैला रेलवे फाटक पर जाम के खिलाफ फूटा जनआक्रोश, ओवरब्रिज की मांग को लेकर नगर बंद और चक्काजाम
जांजगीर-चांपा, 06 मार्च (हि. स.)। नैला रेलवे फाटक पर वर्षों से लगने वाले जाम और लंबे समय से लंबित रेल ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर आज शुक्रवार को लोगों का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। क्षेत्र की जनता, व्यापारी संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने नगर बंद और चक्काजाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने किया, जिनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और आम नागरिक भी शामिल हुए।
आंदोलन के तहत नैला के परशुराम चौक में धरना प्रदर्शन शुरू किया गया, वहीं नैला-जांजगीर रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर नगर बंद रखा गया। इस दौरान अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित नैला नगर व्यापारी संघ और कई सामाजिक संगठनों ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नैला रेलवे फाटक पर आए दिन लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जाम के कारण मरीज, विद्यार्थी, व्यापारी और रोजाना यात्रा करने वाले लोग घंटों फंसे रहते हैं। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो जाती है।
विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि रेलवे फाटक की समस्या वर्षों से क्षेत्र की जनता को परेशान कर रही है। इस संबंध में कई बार रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव बजट में शामिल होने के बावजूद काम शुरू नहीं हो सका है, जिससे लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
आंदोलनकारियों ने नैला रेलवे फाटक पर रेल ओवरब्रिज निर्माण की मांग को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि जब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसके अलावा चांपा के मिशन अस्पताल समपार के पास अंडरब्रिज निर्माण, नहरिया बाबा के पास फुट ओवरब्रिज निर्माण और जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग भी की जा रही है। साथ ही गोंडवाना एक्सप्रेस और साउथ बिहार एक्सप्रेस के नैला में ठहराव की मांग भी आंदोलनकारियों ने उठाई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नैला ओवरब्रिज का निर्माण नहीं होने से बलौदा, पहरिया और पंतोरा मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या से परेशान होकर अब जनता और जनप्रतिनिधि एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं।
आंदोलन के दौरान आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस और स्कूल बसों के लिए बायपास मार्ग से आवागमन की व्यवस्था की गई। वहीं स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया। आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि जल्द ही ओवरब्रिज निर्माण और अन्य मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

