बलरामपुर : जनदर्शन की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, अवरुद्ध मार्ग खुलने से पांच परिवारों को मिली राहत

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। आज मंगलवार को जनदर्शन में प्राप्त एक शिकायत पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवरुद्ध मार्ग को बाधामुक्त करा दिया। इससे ग्राम दलधोवा के पांच परिवारों को आवागमन की सुविधा फिर से मिल गई है।

जानकारी के अनुसार, विकासखंड बलरामपुर की ग्राम पंचायत महेशपुर के ग्राम दलधोवा निवासी बसंत सिंह ने जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि उनके घर तक पहुंचने वाला लगभग 200 मीटर लंबा मार्ग अवरुद्ध होने के कारण उन्हें और आसपास के अन्य परिवारों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने आवेदन में बताया था कि यह शासकीय भूमि का रास्ता है, जिसे एक निजी व्यक्ति द्वारा बाधित कर दिया गया है। इससे गांव के पांच परिवारों का आवागमन प्रभावित हो रहा था।

शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पता चला कि संबंधित भूमि वन विभाग के अधीन है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए मार्ग से अवरोध हटाकर आवागमन बहाल कराया गया।

मार्ग खुलने के बाद अब ग्रामीणों का आवागमन सुचारु हो गया है। शिकायत के त्वरित निराकरण पर बसंत सिंह सहित अन्य प्रभावित परिवारों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story