सुशासन तिहार : चांपा और तिलई में जनसमस्या निवारण शिविर, 1239 आवेदन प्राप्त, मौके पर समाधान

WhatsApp Channel Join Now
सुशासन तिहार : चांपा और तिलई में जनसमस्या निवारण शिविर, 1239 आवेदन प्राप्त, मौके पर समाधान


सुशासन तिहार : चांपा और तिलई में जनसमस्या निवारण शिविर, 1239 आवेदन प्राप्त, मौके पर समाधान


जांजगीर-चांपा, 06 मई (हि. स.)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत जिले में जनसमस्या निवारण शिविरों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में आज बुधवार काे नगर पालिका चांपा और जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत तिलई में शिविर आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शहरी नागरिकों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

शिविर में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका चांपा के वार्ड क्रमांक 1 स्थित रूद्रेश्वरशरण सिंह सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में वार्ड 1 से 10 तथा 26 और 27 सहित कुल 12 वार्डों के नागरिक शामिल हुए। यहां विभिन्न विभागों से संबंधित 133 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं ग्राम पंचायत तिलई में आयोजित शिविर में 19 ग्राम पंचायतों के लोग शामिल हुए, जहां कुल 1106 आवेदन दर्ज किए गए। इनमें 1069 मांग से जुड़े और 37 शिकायतें शामिल रहीं।

शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए गए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की चाबी, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, केसीसी ऋण, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन प्रमाण पत्र, जाति और निवास प्रमाण पत्र, विद्यार्थियों को गणवेश, पोषण आहार किट, ई-रिक्शा सहित अन्य सामग्रियां और चेक शामिल रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सौरभ सिंह ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविरों का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं शिविरों में दर्ज कराएं, ताकि उनका शीघ्र निराकरण हो सके। उन्होंने किसानों को पाम ऑयल की खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया और बताया कि शासन इस दिशा में आवश्यक सहायता और प्रोत्साहन प्रदान कर रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर आयोजित ये शिविर आम जनता को राहत पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और गांवों का समग्र विकास हो।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य पारदर्शी, सरल और त्वरित तरीके से आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार 2026 के तहत 7 मई को जनपद पंचायत बलौदा के ग्राम पंचायत भिलाई में भी जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में 23 ग्राम पंचायतों के लोग शामिल होंगे, जहां नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story