सुशासन तिहार 2026: जांजगीर-नैला और सेमरिया में जनसमस्या निवारण शिविर, 779 आवेदन प्राप्त

WhatsApp Channel Join Now
सुशासन तिहार 2026: जांजगीर-नैला और सेमरिया में जनसमस्या निवारण शिविर, 779 आवेदन प्राप्त


जांजगीर-चांपा, 05 मई (हि. स.)। जिले में सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए लगातार जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज मंगलवार को नगर पालिका जांजगीर-नैला और जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम सेमरिया में बड़े स्तर पर शिविर आयोजित किए गए, जहां कुल 779 आवेदन प्राप्त हुए।

नगर पालिका जांजगीर-नैला के गौशाला स्कूल परिसर में आयोजित शिविर में वार्ड क्रमांक 1 से 10 तक के नागरिकों ने भाग लिया। वहीं सेमरिया क्लस्टर में 20 ग्राम पंचायतों—सेमरिया, कोनार, मुलमुला, नंदेली, भैंसो, झिलमिली, कोसा, डिघोरा, बोरसी, जेवरा, कोसीर, केसला, झूलन, चोरभट्ठी, खपरी, जोगीडीपा, पचरी, लगरा, सिल्ली और चंडीपारा—के ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को जाल, आइस बॉक्स, किसान किताब, नैनो यूरिया, आवास योजना की चाबी, लखपति दीदी प्रमाण पत्र, स्वामित्व कार्ड, बी-1, नक्शा-खसरा सहित कई प्रकार की सामग्री, चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित घरों की चाबी भी लाभार्थियों को सौंपी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

शिविर में राजस्व से जुड़े नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के मामलों के साथ आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, बिजली, ट्रांसफार्मर, आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना, पेंशन और श्रम कार्ड जैसी योजनाओं से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। नगर पालिका जांजगीर-नैला में कुल 71 आवेदन आए, जिनमें 41 मांग और 30 शिकायतें शामिल रहीं। वहीं ग्राम पंचायत सेमरिया में 708 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 700 मांग और 8 शिकायतें दर्ज की गईं।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत ये शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जो 10 जून तक जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिविरों के माध्यम से पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने किसानों से एग्रीस्टेक में अनिवार्य पंजीयन कराने का आग्रह किया और कृषि विभाग को बीज, खाद, किसान क्रेडिट कार्ड और बागवानी योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर आर के तंबोली सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंच और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन के अनुसार सुशासन तिहार 2026 के तहत 6 मई को नगर पालिका चांपा के रूद्रेश्वरशरण सिंह सामुदायिक भवन और जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत तिलई स्थित शासकीय हाई स्कूल में भी जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story