24 जून को बस्तर के ग्राम सभाओं में आवास प्लस-2 सर्वे सूची का हाेगा सार्वजनिक परीक्षण
जगदलपुर, 22 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बस्तर जिले के करीब 75 हजार ग्रामीण परिवारों के लिए 24 जून को विशेष ग्राम सभाएं होंगी। जिले के सातों विकासखंडों की 433 ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास प्लस-2 सर्वे सूची का सार्वजनिक परीक्षण किया जाएगा। इसी बैठक में सर्वे में शामिल परिवारों की पात्रता पर चर्चा होगी और छूटे पात्र हितग्राहियों को सूची में जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
जिला समन्वयक बी. मनहर के अनुसार कई परिवार अलग-अलग कारणों से सर्वे सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। कुछ मामलों में पात्रता को लेकर आपत्तियां भी दर्ज हुई हैं। इन सभी मामलों की जांच ग्राम सभा में की जाएगी। ग्रामीणों को दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। दावों और आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम पात्रता सूची तैयार की जाएगी। पात्र पाए गए परिवारों के नाम योजना में जोड़े जाएंगे। उन्हाेने कहा कि प्रशासन ने ग्रामीणों से ग्राम सभा में दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रक्रिया में भाग लेने को कहा है। विभाग का उद्देश्य यह बताया गया है कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। जिले में अब तक करीब 71 हजार परिवारों को पक्के मकान स्वीकृत हो चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

