ग्राम दर्री में पामगढ़ पुलिस का जनजागरूकता अभियान, महिला कमांडो टीम का गठन

WhatsApp Channel Join Now
ग्राम दर्री में पामगढ़ पुलिस का जनजागरूकता अभियान, महिला कमांडो टीम का गठन


जांजगीर-चांपा, 24 मई (हि. स.)। थाना पामगढ़ पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत दर्री में आज रविवार को नशा मुक्ति और साइबर जनजागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान गांव में महिला कमांडो टीम का गठन कर महिलाओं को सुरक्षा और जागरूकता संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही टीम की सदस्यों को टोपी और सीटी वितरित किए गए।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी की पहचान और सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इसके अलावा यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, सड़क सुरक्षा तथा राहवीर योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

अभियान में नशा मुक्ति पर विशेष जोर देते हुए युवाओं और ग्रामीणों को शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की समझाइश दी गई। महिला संबंधी अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, बाल विवाह और महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी भी महिलाओं को दी गई तथा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

महिला कमांडो टीम की सदस्यों को गांव में सुरक्षा और जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपराधों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने और ग्राम स्तर पर सुरक्षा सहयोगी के रूप में कार्य करने की अपील की।

पुलिस के अनुसार इस प्रकार के जागरूकता अभियानों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कानून के प्रति विश्वास मजबूत करना, साइबर अपराधों एवं सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा महिला सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story