गैस सिलिंडर की कमी को लेकर महिला कांग्रेस ने चूल्हे पर चाय बनाकर जताया विरोध
बढ़ते गैस सिलिंडर दाम और किल्लत के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन
धमतरी, 16 मार्च (हि.स.)। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलिंडर के बढ़ते दाम तथा सिलिंडर की किल्लत के विरोध में जिला महिला कांग्रेस ने सोमवार को गांधी स्थल पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर लकड़ी के चूल्हे में आग जलाकर चाय बनाते हुए अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया और महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की।
महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए बढ़े हुए गैस सिलिंडर के दामों को तत्काल वापस लेने की मांग की। महिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष अंबिका सिन्हा ने कहा कि चुनाव के पहले मोदी सरकार ने 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता से किया गया वादा भूल गई। उन्होंने कहा कि आज गैस सिलिंडर की कीमत लगभग 1000 रुपये तक पहुंच गई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से बढ़ी कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि देश इस समय गैस सिलिंडर की कमी के संकट से गुजर रहा है और जनता परेशान है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री कहां हैं, यह देश की जनता जानना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या केंद्र सरकार इस संकट से लोगों को राहत दिलाएगी। महिला कांग्रेस पार्षद सुमन मेश्राम ने कहा कि महंगाई को मुद्दा बनाकर भाजपा केंद्र की सत्ता में आई थी, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को फिर से लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों और कमी के कारण आम लोग परेशान हैं और लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हो रहे हैं। महिला कांग्रेस ने चूल्हे पर चाय बनाकर सरकार के अच्छे दिन के दावों पर सवाल उठाया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक लेखराम साहू, मोहन लालवानी, सूर्यप्रभा चेटियार, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, आकाश गोलछा, दीपक सोनकर, विशु देवांगन, वाताजलि गोस्वामी, पार्षद उमा भागी ध्रुव, हिना ध्रुव, सबीना अंजुम, गणेश्वरी कामडे, सौम्या, गुड्डा दीवान, अविनाश मराठों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

