चौपाटी के गड्ढे पर भड़का कांग्रेस का विरोध, निगम पर सुस्ती के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
चौपाटी के गड्ढे पर भड़का कांग्रेस का विरोध, निगम पर सुस्ती के आरोप


चौपाटी के गड्ढे पर भड़का कांग्रेस का विरोध, निगम पर सुस्ती के आरोप


धमतरी, 25 अप्रैल (हि.स.)। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र मकई चौक स्थित चौपाटी के पास खोदे गए बड़े गड्ढे को लेकर शनिवार शाम शहर की सियासत गरमा गई। शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गड्ढे के पास विरोध स्वरूप पोस्टर चस्पा किए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चौपाटी और गार्डन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास खोदा गया गड्ढा तीन दिन में भरने का दावा किया गया था, लेकिन कई दिनों बाद भी काम अधूरा पड़ा है। इससे न केवल स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि चौपाटी आने-जाने वाले लोगों को भी दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है। विरोध जताने के अनोखे अंदाज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गड्ढे के पास “बेशरम” के फूल-पौधे भी लगा दिए।नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि “मकई चौक जैसे व्यस्त इलाके में महीनों से गड्ढा खुला पड़ा है, लेकिन इसे भरने की कोई गंभीर पहल नहीं की जा रही। यह स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।”

उन्होंने कहा कि धमतरी शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, जिससे इस इलाके में हमेशा भीड़ बनी रहती है। ऐसे में गड्ढा दुर्घटना का कारण बन सकता है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल भरना जरूरी है।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गड्ढा नहीं भरा गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल, इस मुद्दे ने नगर निगम की कार्यशैली और शहर के बुनियादी ढांचे को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story