नवाडीह से शिक्षक हटाने का विरोध, अभिभावक डीईओ कार्यालय पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now
नवाडीह से शिक्षक हटाने का विरोध, अभिभावक डीईओ कार्यालय पहुंचे


धमतरी, 21 सितंबर (हि.स.)। मगरलोड ब्लाक के शासकीय नवीन प्राथमिक शाला नवाडीह राजपुर में पदस्थ सहायक शिक्षक को अध्यापन व्यवस्था के तहत माध्यमिक शाला राजपुर भेजे जाने से अभिभावक नाराज हैं। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के पदाधिकारी एवं अभिभावक सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे और शिक्षक की व्यवस्था निरस्त कर उन्हें वापस नवाडीह में रखने की मांग की।

शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष देवनारायण, सरपंच राजपुर जामबाई, अभिभावक हिरामन, कमलनारायण एवं प्रीतम ने बताया कि प्राथमिक शाला नवाडीह में 41 बच्चे दर्ज हैं। स्कूल में एक प्रधानपाठक और दो शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें से सहायक शिक्षक सियाराम साहू को अध्यापन व्यवस्था के तहत माध्यमिक शाला राजपुर भेजा गया है। एक शिक्षक के दूसरे स्कूल में चले जाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी के नाम सहायक संचालक यदुनंदन वर्मा को ज्ञापन सौंपकर सियाराम साहू की अध्यापन व्यवस्था निरस्त करने की मांग की है। अभिभावकों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर वे बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। इस दौरान टिकेश्वर साहू, सोमनाथ, कल्पना गोस्वामी, नंदनी यादव, कुसुम, फुलेश्वरी, रुपेश, भगवती, कली बाई, चंद्रकला सहित अन्य अभिभावक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story