छत्तीसगढ़ में फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून, 13 जुलाई से बारिश बढ़ने के आसार
रायपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों तक हुई अच्छी बारिश के बाद फिलहाल मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई है। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में फिर तेजी आने का अनुमान जताया है। प्रदेश के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
रविवार को मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सरगुजा संभाग में अच्छी वर्षा हुई है। इसे देखते हुए रविवार को सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग का कहना है कि, 13 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में दो प्रमुख मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पहला पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण है, जबकि दूसरा उत्तर-पश्चिम बिहार और आसपास के क्षेत्र में सक्रिय है। इन दोनों सिस्टमों के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं मध्य भारत और छत्तीसगढ़ तक पहुंच रही हैं, जिससे प्रदेश में लगातार बादल बन रहे हैं और बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि, खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और गरज-चमक के समय आवश्यक सावधानी बरतें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

