मछली विक्रय दर 120 से बढ़ाकर 140 रुपये किलो करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

WhatsApp Channel Join Now
मछली विक्रय दर 120 से बढ़ाकर 140 रुपये किलो करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित


मछली विक्रय दर 120 से बढ़ाकर 140 रुपये किलो करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित


धमतरी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के मछुआरों, पट्टाधारक मत्स्य पालकों, मछुआ समूहों और मत्स्य पालन सहकारी समितियों के हित में जिला पंचायत धमतरी की गुरुवार को आयोजित विशेष सामान्य सभा में मछली विक्रय दर बढ़ाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। एक अक्टूबर को जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वर्तमान मछली विक्रय दर 120 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़ाकर 140 रुपये प्रति किलोग्राम करने पर सहमति बनी।

बताया गया कि पिछले करीब चार-पांच वर्षों से विक्रय दर में बदलाव नहीं हुआ था, जबकि इस अवधि में उत्पादन लागत, श्रम, परिवहन सहित अन्य खर्च बढ़े हैं। मछुआरों और मत्स्य पालन सहकारी समितियों द्वारा लंबे समय से दर बढ़ाने की मांग की जा रही थी। इस विषय पर 28 सितंबर को कृषि स्थायी समिति की विशेष बैठक में भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया था। कृषि स्थायी समिति के सभापति टीकाराम कंवर की अध्यक्षता में हुई बैठक में मत्स्य पालकों एवं मछुआ समूहों की मांग, वर्तमान विक्रय दर और मत्स्य पालन से जुड़े आर्थिक पक्षों पर चर्चा की गई। इसके बाद एक अक्टूबर को विशेष सामान्य सभा में प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सदस्यों ने विचार-विमर्श के बाद 120 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये प्रति किलो करने को सर्वसम्मति से मंजूरी दी।

जिला पंचायत के अनुसार दर में वृद्धि से मत्स्य पालन से जुड़े परिवारों और समूहों को उत्पादन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा तथा मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी आजीविका गतिविधि के रूप में बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। बैठक में उपाध्यक्ष गौकरण साहू, अजय ध्रुव, पूजा सिन्हा, कुलेश्वरी गायकवाड़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा, उप संचालक पंचायत पद्मिनी वर्मा, सहायक संचालक मछली पालन एमएस कमल, सहायक मत्स्य अधिकारी सुमन चंद्राकर सहित संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story