सूरजपुर : प्रोजेक्ट सक्षम के तहत छात्रावास अधीक्षिकाओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : प्रोजेक्ट सक्षम के तहत छात्रावास अधीक्षिकाओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


सूरजपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। बालिकाओं में जीवन कौशल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से आज बुधवार को कन्या शिक्षा परिसर सूरजपुर में 'प्रोजेक्ट सक्षम–शिक्षा, आत्मविश्वास एवं समानता' के तहत दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। इसमें सूरजपुर और कोरिया जिले के प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावासों की 29 अधीक्षिकाएं और 8 मंडल संयोजक प्रशिक्षण ले रहे हैं।

छत्तीसगढ़ जनजातीय एवं अनुसूचित जनजाति विकास विभाग तथा 'रूम टू रीड इंडिया' की संयुक्त पहल पर आयोजित कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कक्षा 6वीं से 10वीं तक की छात्राओं में जीवन कौशल, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करना है।

कार्यशाला का शुभारंभ सहायक आयुक्त आदिवासी विकास घनश्याम सिंह, रूम टू रीड इंडिया के शैलेंद्र भारद्वाज और यामिनी साहू ने किया। इस दौरान घनश्याम सिंह ने कहा कि किशोरावस्था में बालिकाओं का विकास केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल का विकास भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि छात्रावास अधीक्षिकाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

रूम टू रीड इंडिया के शैलेंद्र भारद्वाज ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि तीन वर्ष की इस परियोजना का उद्देश्य छात्रावासों में रहने वाली कक्षा 6वीं से 10वीं की छात्राओं को जीवन कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है।

कार्यशाला में लैंगिक समानता, बालिका सशक्तिकरण और जीवन कौशल से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि अधीक्षिकाएं और मंडल संयोजक इन विषयों की जानकारी छात्रावासों में छात्राओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story