बारिश से धान की सुरक्षा के लिए उपार्जन केंद्रों में किए गए इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
बारिश से धान की सुरक्षा के लिए उपार्जन केंद्रों में किए गए इंतजाम


बारिश से धान की सुरक्षा के लिए उपार्जन केंद्रों में किए गए इंतजाम


धमतरी, 20 नवंबर (हि.स.)। चक्रवात अकवान के प्रभाव से जिले में हो रही बेमौसम बारिश ने धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। किसानों से खरीदे गए धान को भीगने और उसकी गुणवत्ता खराब होने से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने उपार्जन केंद्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी एसडीएम, जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, जिला खाद्य अधिकारी और संबंधित अधिकारियों को धान की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि खुले में रखे धान को केप कवर और तिरपाल से अच्छी तरह ढंका जाए। साथ ही केंद्रों में जल निकासी और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में 20 नवंबर को कुल 108 धान उपार्जन केंद्रों में से 107 केंद्रों में खरीदी के लिए टोकन जारी किए गए थे, लेकिन बारिश के चलते अधिकांश केंद्रों में खरीदी कार्य प्रभावित हुआ।

शुक्रवार को केवल आमदी और मगरलोड उपार्जन केंद्र में ही धान खरीदी जारी रही, जबकि भटगांव, पोटियाडीह, कोड़ेबोड़ सहित अधिकांश केंद्रों में एहतियातन खरीदी बंद रखी गई। जिन केंद्रों में पर्याप्त शेड और सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध है, वहां मौसम की स्थिति को देखते हुए खरीदी संचालित करने की संभावना है। कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारी विभिन्न केंद्रों में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में भटगांव उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर केप कवर, तिरपाल और जल निकासी व्यवस्था की जांच की गई। समिति प्रबंधन को खुले में रखे धान को तत्काल सुरक्षित ढंकने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में 20 नवंबर को हुई बारिश के आंकड़ों के अनुसार धमतरी में 4.8 मिलीमीटर, कुरूद में 5.1, मगरलोड में 4.8, नगरी में 5.6, भखारा में 6.6, कुकरेल में 8 तथा बेलरगांव में 6.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और समिति प्रबंधनों को मौसम पर लगातार नजर रखने तथा उपार्जित धान की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780238 Articles

Share this story