जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का कलेक्टर कार्यालय पर दबाव, जांच और कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का कलेक्टर कार्यालय पर दबाव, जांच और कार्रवाई की मांग


धमतरी, 21 अप्रैल (हि.स.)।कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में जिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीणों के साथ मंगलवार को कलेक्टर से मुलाकात कर विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान कई गंभीर मामलों पर चर्चा हुई, जिस पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

प्रतिनिधिमंडल ने कुरुद विकासखंड के ग्राम पंचायत हतबंद में सचिव के तानाशाही रवैये और शासकीय कार्यों के सही क्रियान्वयन नहीं होने का मुद्दा उठाया। सरपंच की ओर से संबंधित सचिव पर कार्रवाई की मांग की गई। वहीं ग्राम पंचायत सिर्वे में महिला सरपंच के अधिकारों के हनन, शासकीय धन के कथित दुरुपयोग और अनियमितताओं की शिकायत भी सामने रखी गई।

इसके अलावा खेल मैदान निर्माण, विद्यालय परिसर में बनाए गए नाली निर्माण को हटाने, विभिन्न पंचायतों में आवास निर्माण की मांग तथा प्राथमिक कृषि साख समिति के लिए आरक्षित भूमि पर अतिक्रमण जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से रखा गया। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने इन सभी मामलों में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। तारिणी चंद्राकर ने बताया कि कुरुद विकासखंड के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से रखते हुए कलेक्टर से चर्चा की गई, जिस पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा मिला है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story