अंबिकापुर : प्रधानमंत्री जनमन योजना से बदली पहाड़ी कोरवा अनिल की जिंदगी
अंबिकापुर, 24 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन में आयोजित 'सुशासन तिहार' जरूरतमंदों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रहा है। इसी कड़ी में विशेष पिछड़ी जनजाति 'पहाड़ी कोरवा' समुदाय के अनिल कुमार के जीवन में एक नया सवेरा आया है। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत अनिल को उनका नया पक्का मकान मिल गया है, जिसने उनके पूरे परिवार की जिंदगी को पूरी तरह से सुरक्षित और आरामदायक बना दिया है।
अपने पुराने दिनों को याद करते हुए अनिल कुमार बताते हैं कि पहले वे एक कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे। बारिश के मौसम में उनका पूरा परिवार बेहद तकलीफ झेलता था, क्योंकि छत से लगातार पानी टपकता रहता था। कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते अपने दम पर पक्का मकान बनवा पाना उनके लिए एक अधूरे सपने जैसा था, लेकिन शासन की इस योजना ने उनका यह सपना सच कर दिखाया है।
सुशासन तिहार के मंच पर जब अनिल को उनके नए घर की चाबी सौंपी गई, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। भावुक होते हुए अनिल ने कहा कि सुशासन तिहार में घर की चाबी पाकर वे बेहद खुश हैं। उन्हें इस बात का संतोष है कि प्रधानमंत्री इस योजना के माध्यम से उन जैसे गरीब परिवारों की मदद कर रहे हैं। अनिल ने इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके जैसे वंचित परिवारों को समाज में सम्मानपूर्वक जीने का हक दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

