रायपुर प्रेस क्लब की पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं का होगा सम्मान, 2 अगस्त को पुरस्कार वितरण समारोह

WhatsApp Channel Join Now
रायपुर प्रेस क्लब की पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं का होगा सम्मान, 2 अगस्त को पुरस्कार वितरण समारोह


रायपुर प्रेस क्लब की पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं का होगा सम्मान, 2 अगस्त को पुरस्कार वितरण समारोह


रायपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम डे के अवसर पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को 2 अगस्त 2026 को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह दोपहर 2 बजे प्रेस क्लब परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रीगण विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पेंटिंग प्रतियोगिता तीन प्रमुख श्रेणियों में आयोजित की गई थी। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की कलाकृतियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया गया है।

प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग (कक्षा 1 से 5वीं) में आद्यांश शर्मा ने प्रथम, झगिता साहू ने द्वितीय, वल्लवी कोडले ने तृतीय तथा तनिष साहू ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया है। जूनियर वर्ग (कक्षा 6वीं से 8वीं) में रूही पाण्डेय प्रथम, वंशिका निगम द्वितीय, इशिता साहू तृतीय और आर्ची को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया है।

ओपन कैटेगरी में भाव्या कोडले ने प्रथम, आदित्य विक्रम सिंह ने द्वितीय, आरव बघेल ने तृतीय तथा हिमांशु प्रसाद ने सांत्वना पुरस्कार हासिल किया है। वहीं स्पेशल कैटेगरी में ओम उपाध्याय को विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

प्रेस क्लब द्वारा प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा। पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों और नागरिकों में कला के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना है।

प्रेस क्लब अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों, प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं नागरिकों से पुरस्कार वितरण समारोह में समय पर पहुंचकर विजेताओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story