निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्भीकता पत्रकारिता का मूल आधार: उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन

WhatsApp Channel Join Now
निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्भीकता पत्रकारिता का मूल आधार: उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन


निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्भीकता पत्रकारिता का मूल आधार: उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन


कोरबा, 31 मार्च (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम व आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं, जो सच्चाई को सामने लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्भीकता पत्रकारिता का मूल आधार है, क्योंकि मीडिया में जो दिखता और छपता है, आम जनता उसे ही सत्य मानती है।

मंत्री श्री देवांगन आज मंगलवार को कोरबा के तिलक भवन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पत्रकार कॉलोनी तिलक नगर में बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। यह कार्य नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 35 खरमोरा स्थित पत्रकार कॉलोनी के पास एनटीपीसी के सीएसआर मद से 15 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।

इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 24 तिलक भवन प्रेस क्लब में एलईडी प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी, साउंड सिस्टम एवं स्क्रीन स्थापना कार्य का लोकार्पण भी मंत्री के हाथों सम्पन्न हुआ। यह कार्य पार्षद पंकज देवांगन के पार्षद मद से कराया गया है।अपने संबोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रेस क्लब कोरबा एक ऊर्जावान संस्था है, जो पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि महापौर रहते हुए उन्होंने प्रेस क्लब के निर्माण में योगदान दिया था और वर्तमान में भी नगर निगम द्वारा इसके विकास के लिए लगातार सहयोग दिया जा रहा है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का व्यापक विकास हुआ और अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गईं। वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में इन योजनाओं को पुनः प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्रीनरेन्द्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं चला रही है।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि उद्योग मंत्री के प्रयासों से कोरबा के सभी 67 वार्डों में विकास कार्यों के लिए लगातार फंड की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में विभिन्न मदों के अंतर्गत करीब 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों और परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।

प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल ने मंत्री श्री देवांगन की सरलता और सहजता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने महापौर और मंत्री कार्यकाल में कोरबा के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि प्रेस क्लब के विकास के लिए मंत्री द्वारा 25 लाख रुपये तथा महापौर द्वारा 50 लाख रुपये की घोषणा की गई थी, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। हाल ही में मल्टी जिम की मरम्मत के लिए 2 लाख रुपये तथा प्रेस कॉम्प्लेक्स में शौचालय निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब का स्थापना दिवस भी मनाया गया। मंत्री श्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने वरिष्ठ पत्रकारों का शाल और श्रीफल से सम्मान किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रेस क्लब के पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story