राज्य अलंकरण से सम्मानित कुड़ूक मछुआ समिति के अध्यक्ष ने कलेक्टर से की सौजन्य भेंट

WhatsApp Channel Join Now
राज्य अलंकरण से सम्मानित कुड़ूक मछुआ समिति के अध्यक्ष ने कलेक्टर से की सौजन्य भेंट


जगदलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। प्रतिष्ठित ‘ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य अलंकरण’ से सम्मानित होने के बाद प्राथमिक कुड़ूक मछुआ सहकारी समिति मर्यादित चित्रकोट के अध्यक्ष धनसिंह बघेल ने शुक्रवार काे बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा से कलेक्टोरेट में सौजन्य मुलाकात की।

इस विशेष भेंट के दौरान अध्यक्ष बघेल ने राज्य स्थापना दिवस पर मिले इस सर्वोच्च सम्मान के संदर्भ में समिति के सफल मॉडल, जमीनी प्रयासों और आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी कलेक्टर के समक्ष साझा की। कलेक्टर छिकारा ने समिति के इस ऐतिहासिक कीर्तिमान की सराहना करते हुए इसे बस्तर के ग्रामीण स्वावलंबन और पर्यटन विकास का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने समिति की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सहकारिता, जनभागीदारी और पर्यटन का यह तालमेल पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समिति को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने आश्वस्त करते हुए भविष्य में पर्यटन सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया। भेंट के दौरान धनसिंह बघेल ने कलेक्टर को अवगत कराया कि वर्ष 2009 में पंजीकृत यह समिति आज बस्तर के 62 मछुआ परिवारों की आजीविका का मजबूत आधार बन चुकी है। किसी भी बाहरी वित्तीय मदद या सरकारी अनुदान के बगैर समिति ने अपनी स्वयं की बचत और आय से सात आधुनिक नौकाओं की खरीदी की है और अपने सुव्यवस्थित कार्यालय भवन का निर्माण भी पूरा कराया है।

अध्यक्ष ने विश्वप्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात पर पर्यटन और नौकायन संचालन की जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटकों को मात्र 50 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से सुरक्षित नौका विहार कराया जा रहा है। इसी सुलभ और सुरक्षित व्यवस्था के चलते वर्ष 2023-24 में जहां 30,775 सैलानी आए थे, वहीं वर्ष 2025-26 में यह संख्या दोगुने से अधिक बढ़कर 70,569 तक पहुंच गई, जिससे समिति को 35,28,950 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

वित्तीय पारदर्शिता और सुशासन पर चर्चा करते हुए बघेल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में समिति ने 5,43,608 रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जिसमें से सदस्यों को 2.57 प्रतिशत की दर से लाभांश भी वितरित किया गया। वर्तमान में समिति का संचित लाभ 37,04,278 रुपये तक पहुंच चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773680 Articles

Share this story