जगदलपुर में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की तैयारियां पूरी, सजेगा सांस्कृतिक मंच

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की तैयारियां पूरी, सजेगा सांस्कृतिक मंच


जगदलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष ‘छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026’ का आयोजन पूरी भव्यता और उत्साह के साथ किया जा रहा है। सशक्त नारी-युवा उड़ान की प्रेरणादायी थीम पर आधारित यह विशेष उत्सव 02 नवम्बर को स्थानीय सिटी ग्राउंड में आयोजित होगा, जिसका औपचारिक शुभारंभ सायं 06 बजे किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 07 बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें स्थानीय कला और संस्कृति की मनमोहक छटा देखने को मिलेगी।

इस जिलास्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि जगदलपुर के विधायक किरण देव होंगे। इस गरिमामयी अवसर पर क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगे। इनमें चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, बस्तर जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप और जगदलपुर महापौर संजय पाण्डे शामिल हैं। इनके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी तथा नगर पालिक निगम जगदलपुर के अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन की भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थिति रहेगी। जिला प्रशासन द्वारा इस राज्योत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए सभी नागरिकों से उपस्थित होने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770686 Articles

Share this story