200 महिलाओं को करोड़पति दीदी बनाने की तैयारी, धमतरी में शुरू हुआ स्त्री स्किल सेंटर

WhatsApp Channel Join Now
200 महिलाओं को करोड़पति दीदी बनाने की तैयारी, धमतरी में शुरू हुआ स्त्री स्किल सेंटर


200 महिलाओं को करोड़पति दीदी बनाने की तैयारी, धमतरी में शुरू हुआ स्त्री स्किल सेंटर


धमतरी, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले की पारंपरिक बुनकरी कला और हस्तनिर्मित उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

जिला प्रशासन और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के संयुक्त प्रयास से भोपालराव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, रूद्री में स्त्री स्किल सेंटर का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को हैंडलूम एवं टेक्सटाइल क्षेत्र में कौशल प्रशिक्षण देने के साथ उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता संवर्धन, व्यवसाय प्रबंधन, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बाजार से जुड़ने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि इस पहल के तहत 200 महिलाओं को करोड़पति दीदी बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर रामू रोहरा और जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने किया। इस अवसर पर आईआईएम रायपुर के निदेशक डॉ. संजीव पाराशर, एनआईटी रायपुर के निदेशक वे रमन्ना राव सहित शिक्षाविद्, प्राध्यापक, उद्यमी एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि महिलाओं को कौशल और उद्यमिता से जोड़ना समय की आवश्यकता है। महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो परिवार, समाज और देश की प्रगति को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि महिलाओं और युवाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस तरह की पहल महिलाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी। आईआईएम रायपुर के निदेशक डॉ. संजीव पाराशर ने कहा कि स्थानीय उत्पादों में वैश्विक बाजार तक पहुंचने की अपार संभावनाएं हैं। महिलाओं को उत्पादों का वास्तविक मूल्य समझने, गुणवत्ता सुधारने और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने की जरूरत है।

समूह आधारित उद्यमिता से उत्पादन क्षमता और बाजार तक पहुंच बढ़ाई जा सकती है। वहीं एनआईटी रायपुर के निदेशक वे रमन्ना राव ने कहा कि तकनीकी शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संस्थान की प्राथमिकता है। डिजिटल तकनीक और इंटरनेट ने महिलाओं के लिए व्यवसाय के नए अवसर खोले हैं। एनआईटी इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को तकनीकी एवं उद्यमिता संबंधी मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि खेती के बाद जिले में बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका हैंडलूम एवं बुनकरी से जुड़ी है। धमतरी के खादी वस्त्रों और पारंपरिक उत्पादों की विशिष्ट पहचान है। इन्हें आधुनिक तकनीक, बेहतर गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की जरूरत है।

स्त्री स्किल सेंटर स्थानीय बुनकरों और महिलाओं को नया मंच प्रदान करेगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने बताया कि केंद्र में हैंडलूम आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने के साथ उत्पादों की मार्केटिंग, ब्रांडिंग और बाजार से जुड़ाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एनआईटी के फैकल्टी इंचार्ज अनुज शुक्ला ने कहा कि संस्थान की तकनीकी एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का लाभ अब धमतरी की महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों को भी मिलेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग के सहयोग से एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं को कौशल, प्रौद्योगिकी, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाने पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य अमित मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने स्थानीय बुनकर समितियों के स्टॉलों का अवलोकन कर हस्तनिर्मित उत्पादों और कारीगरों की कला की सराहना की। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story