जांजगीर-चांपा में सेवा संकल्प अभियान की तैयारी तेज, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में सेवा संकल्प अभियान की तैयारी तेज, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश


जांजगीर-चांपा, 7 सितंबर (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों राजस्व को अपने-अपने अनुविभाग में प्रतिमाह ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन बैठकों में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विकास कार्यों, लंबित प्रकरणों, हितग्राहीमूलक योजनाओं और जनसमस्याओं के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की जाए। बैठक की रिपोर्ट भी नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने जिले के जर्जर स्कूल भवनों और आंगनबाड़ी केंद्रों को लेकर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर जर्जर एवं अनुपयोगी भवनों का सर्वे कराने के निर्देश दिए। ऐसे भवनों को डिस्मेंटल करने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो।

रेडी-टू-ईट वितरण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इसका लाभ पात्र हितग्राहियों तक नियमित रूप से पहुंचना चाहिए। उन्होंने वितरण व्यवस्था की निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि रेडी-टू-ईट का समुचित उपयोग हो। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और हितग्राहियों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार गरम भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अभियान के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना, विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को आम लोगों तक पहुंचाना तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाकर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। कलेक्टर ने अभियान के दौरान सभी नोडल विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने समारोह को गरिमामय और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और आयोजन से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया।

पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को पात्र विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति प्रकरणों की समय पर स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने सभी विभागों में शत-प्रतिशत फाइलों का संचालन ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज करने और निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने को कहा। उन्होंने क्षमता विकास के लिए आईगॉट प्लेटफॉर्म पर प्रत्येक माह कम से कम एक घंटे का कोर्स पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story