स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी, आज जगह-जगह फहरेगा तिरंगा

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी, आज जगह-जगह फहरेगा तिरंगा


धमतरी, 14 अगस्त (हि.स.)। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस जिले में हर्षाेल्लास से मनाया जाएगा। इस राष्ट्रीय पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। मुख्य समारोह से लेकर ग्रामीण अंचलों में स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए तैयारियां पूरी हो गई है। शनिवार सुबह से ही जगह-जगह ध्वजारोहण कार्यक्रम शुरू हो जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस मनाने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्कूल, कालेज, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ियों समेत विभिन्न संगठनों, संस्थाओं और लोगों की तैयारियां पूरी हो गई है। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह डा शोभाराम देवांगन बालक शाला मैदान धमतरी में आयोजित होगी। यहां ध्वजारोहण मुख्य अतिथि पूर्व केबिनेट मंत्री व कुरूद विधायक अजय चंद्राकर सुबह 8.56 बजे करेंगे। तत्पश्चात परेड का निरीक्षण एवं परेड का मार्च पास्ट किया जाएगा। मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर मुख्यमंत्री छग शासन का प्रदेश के जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे।

गुब्बारा उड्डयन, परेड का प्रस्थान एवं परेड कमांडरों का परिचय लेंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व बलिदानियों के स्वजन से भेंट कर उन्हें सम्मानित करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह होंगे। इन सभी कार्यक्रमों के लिए तैयारियां पूरी हो गई। कार्यक्रम स्थल मैदान सजकर पूरी तरह से तैयार है। कलेक्ट्रेट में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत में जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा, नगर निगम कार्यालय में महापौर रामू रोहरा, एसपी कार्यालय में एसपी भावना पांडेय समेत सभी सरकारी व निजी कार्यालयों में प्रभारी ध्वजारोहण करेंगे। वहीं कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस की जिलाध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर और भाजपा कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ध्वजारोहण करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story