जांजगीर-चांपा: सुशासन तिहार 2026 की तैयारी तेज, एक मई से लगेंगे जन समस्या निवारण शिविर

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा: सुशासन तिहार 2026 की तैयारी तेज, एक मई से लगेंगे जन समस्या निवारण शिविर


जांजगीर-चांपा, 20 अप्रैल (हि. स.)। जिले में सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से “सुशासन तिहार 2026” की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज सोमवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार 1 मई से 10 जून 2026 तक जिलेभर में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के साथ-साथ शासन की योजनाओं की जानकारी और लाभ भी प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक आवेदक को उसकी स्थिति की जानकारी दी जाए।

कलेक्टर ने बताया कि अभियान के दौरान मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव और प्रभारी सचिव भी समय-समय पर शिविरों का निरीक्षण करेंगे और आम नागरिकों से संवाद स्थापित करेंगे, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलेगी।

बैठक में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को 5 वर्षीय परिप्रेक्ष्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना निर्माण से पहले बेसलाइन सर्वे अनिवार्य रूप से कराया जाए और ग्राम सभाओं तथा स्थानीय निकायों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सड़क और सिंचाई जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही योजना को अनुमोदन के बाद सार्वजनिक रूप से वेबसाइट पर प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए गए।

इस दौरान नगर पंचायत राहौद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कार्यालय में निलंबित कर्मचारी से कार्य कराए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

कलेक्टर ने बैठक में सभी विभागों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story