बलरामपुर : प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास कोगवार की प्रभारी अधीक्षिका दायित्व से मुक्त

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास कोगवार के संचालन में अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने प्रभारी अधीक्षिका को दायित्व से मुक्त कर दिया है। जांच में छात्रावास में स्वीकृत सीटों की तुलना में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति, गुणवत्ताहीन भोजन परोसे जाने तथा आवश्यक पंजियों का समय पर अद्यतन नहीं किए जाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।

प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई जांच में पाया गया कि छात्रावास में संस्था स्तर पर स्वीकृत 50 सीटों के मुकाबले विद्यार्थियों की उपस्थिति कम थी। साथ ही भोजन की गुणवत्ता और अभिलेखों के संधारण को लेकर भी शिकायतें सही पाई गईं।

मामले में प्रभारी अधीक्षिका काजूरीना पण्डो से कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग द्वारा उन्हें प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास कोगवार के अधीक्षिकीय दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। काजूरीना पण्डो मूल रूप से प्राथमिक शाला पटेवा, विकासखंड वाड्रफनगर में सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं।

छात्रावास के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास बलंगी की अधीक्षिका लक्ष्मी पैकरा को आगामी आदेश तक प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास कोगवार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story