प्रयास विद्यालय के विद्यार्थियों ने जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली को समझा
बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज सोमवार को प्रयास आवासीय विद्यालय बलरामपुर के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन स्टूडेंट टूर ऑन बेस्ट प्रैक्टिस’ थीम पर आयोजित भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जल जीवन मिशन की गतिविधियों, नवाचारों और ग्रामीण जल प्रबंधन व्यवस्था को करीब से समझा।
भ्रमण के पहले चरण में विद्यार्थियों ने जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। यहां तकनीकी विशेषज्ञों ने रासायनिक और जैविक मानकों के आधार पर पेयजल की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने प्रयोगशाला में उपयोग होने वाले उपकरणों और वैज्ञानिक परीक्षण पद्धति को प्रत्यक्ष रूप से देखा।
इसके बाद विद्यार्थियों ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और ग्राम सरनाडी की सिंगल विलेज जल प्रदाय योजना का अवलोकन किया। उन्हें पंपिंग, फिल्ट्रेशन, जल भंडारण और पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पानी पहुंचाने की प्रक्रिया समझाई गई। विद्यार्थियों ने जाना कि तकनीकी व्यवस्था के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति किस तरह की जाती है।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी मिली। साथ ही उन्हें जल संरक्षण, जल स्वावलंबन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

