प्रतापपुर में मेडिकल स्टोर्स की जांच, एक मेडिकल स्टोर सील

WhatsApp Channel Join Now
प्रतापपुर में मेडिकल स्टोर्स की जांच, एक मेडिकल स्टोर सील


सूरजपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले में औषधि नियमों के पालन और दवाओं की बिक्री में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मेडिकल स्टोर्स की जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में आज शुक्रवार को प्रतापपुर विकासखंड में संचालित मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर तीन दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

कलेक्टर रेना जमील और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के निर्देश पर की गई इस जांच में अनन्य मेडिकल स्टोर और कुनाल मेडिकल स्टोर में विभिन्न अनियमितताएं पाई गईं। दोनों दुकानों के संचालकों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के तहत प्रशासनिक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

वहीं, ओम मेडिकोज के निरीक्षण में अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं पाया गया। इस पर विभागीय टीम ने नियमानुसार मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक संचालक (औषधि) और औषधि निरीक्षक मौजूद रहे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में मेडिकल स्टोर्स की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784169 Articles

Share this story