छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर में  यात्री बस पेड़ से टकराई, 15 यात्री घायल, चार अंबिकापुर रेफर

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर में  यात्री बस पेड़ से टकराई, 15 यात्री घायल, चार अंबिकापुर रेफर


सूरजपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से बिहार के सासाराम जा रही एक यात्री बस सोमवार तड़के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शिवपुर मार्ग के पास बस का अचानक टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में करीब 15 यात्री घायल हो गए। इनमें बस चालक और कंडक्टर की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बस अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर बिहार के सासाराम जा रही थी। प्रतापपुर के शिवपुर मार्ग के पास अचानक टायर फटने से बस का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार में चल रही बस सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों को चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और प्रतापपुर पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में चालक बुरी तरह बस के अंदर फंस गया था। उसे निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बस के हिस्से को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। बस कंडक्टर की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

हादसे में घायल सभी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए प्रतापपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने चार गंभीर रूप से घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज प्रतापपुर अस्पताल में जारी है।

दुर्घटना के बाद प्रतापपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बस का टायर फटना दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781725 Articles

Share this story