प्रजापिता ब्रह्माकुमारी बहन ने महापौर काे बांधा रक्षासूत्र
जगदलपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मंजूषा दीदी ने जगदलपुर के महापौर संजय पांडे को रक्षासूत्र (राखी) बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावनाओं को अभिव्यक्त किया। मंजूषा दीदी ने महापौर संजय पांडे की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इस दौरान महापौर को दीदी का स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा भी इस पर्व को आध्यात्मिक दृष्टिकोण से मनाते हुए समाज में शांति, भाईचारा, पवित्रता और सकारात्मक विचारों को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाता है। मंजूषा दीदी ने रक्षासूत्र के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग और सेवा भावना की आवश्यकता है। रक्षाबंधन जैसे पर्व हमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान, विश्वास और जिम्मेदारी का भाव मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
रक्षासूत्र बंधवाने के बाद महापौर संजय पांडे ने मंजूषा दीदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का अत्यंत भावनात्मक और पवित्र पर्व है। यह पर्व भाई-बहन के स्नेह के साथ-साथ समाज में प्रेम, शांति और सौहार्द का संदेश भी देता है। महापौर ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा आध्यात्मिक मूल्यों और सकारात्मक विचारों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया जा रहा है। रक्षाबंधन के अवसर पर प्राप्त स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए विशेष महत्व रखता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

