सोलर प्लांट ने बदली जिंदगी, 6 किलोवाट संयंत्र से बिजली बिल हुआ शून्य से भी कम
कोरबा, 4 अगस्त (हि. स.)। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से देशभर में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ आम नागरिकों के बिजली खर्च में कमी लाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ अब कोरबा जिले के नागरिकों को भी बड़े पैमाने पर मिलने लगा है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे लोग ऊर्जा आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
कोरबा शहर के पोड़ीबहार निवासी सुरेश सिंह इस योजना के सफल लाभार्थियों में शामिल हैं। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने घर की छत पर सबसे पहले 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया। सोलर सिस्टम से मिले बेहतर परिणाम, बिजली बिल में आई उल्लेखनीय कमी और लगातार हो रही बचत को देखते हुए उन्होंने बाद में अतिरिक्त 3 किलोवाट क्षमता का एक और सोलर प्लांट लगवा लिया। वर्तमान में उनके घर पर कुल 6 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित है, जिससे उनका पूरा घर सौर ऊर्जा से संचालित हो रहा है।
सुरेश सिंह ने बताया कि सोलर प्लांट लगने के बाद उनके बिजली बिल में भारी कमी आई है। स्थिति यह है कि अब उनका बिजली बिल माइनस यानी क्रेडिट में आने लगा है। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों से उन्हें बिजली बिल को लेकर किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब वे न केवल अपने बिजली खर्च में बचत कर रहे हैं बल्कि अतिरिक्त उत्पादित बिजली का भी लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इससे परिवार की मासिक बचत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और आर्थिक रूप से भी काफी राहत मिली है।
उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के कारण सोलर संयंत्र की स्थापना आसान और किफायती हो गई। यदि यह आर्थिक सहायता नहीं मिलती तो इतनी बड़ी क्षमता का सोलर प्लांट लगाना आसान नहीं होता। योजना ने उन्हें स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया और आज वे स्वयं को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान देने वाला नागरिक मानते हैं।
सुरेश सिंह का कहना है कि सौर ऊर्जा केवल बिजली बिल कम करने का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का भी प्रभावी उपाय है। उनका मानना है कि हर सक्षम परिवार को इस योजना का लाभ लेकर अपने घर में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करना चाहिए, जिससे आर्थिक बचत के साथ देश को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने में भी सहयोग मिल सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इस योजना से लोगों को बिजली बिल में राहत मिल रही है, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है और परिवार आर्थिक रूप से मजबूत बन रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील भी की।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

