दतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी के गीदम आवास की कटी बिजली

WhatsApp Channel Join Now
दतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी के गीदम आवास की कटी बिजली


दंतेवाड़ा, 03 सितंबर (हि.स.)। दंतेवाड़ा जिले के विधायक चैतराम अटामी के गीदम स्थित आवास की बिजली कनेक्शन बकाया बिल के चलते काट दी गई है। बताया जा रहा है कि भवन वन विभाग का है, फिलहाल विधायक चैतराम अटामी को आवंटित है। भवन में बिजली के दो कनेक्शन लगे हैं। दोनों कनेक्शनों पर लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया गया था।

बिजली विभाग के अनुसार एक सिंगल फेज कनेक्शन पर करीब 2 लाख 30 हजार रुपये का बकाया है। इसमें लंबे समय से बिल जमा नहीं किया गया था। वहीं, दूसरे थ्री फेज कनेक्शन पर 50 हजार 250 रुपरुपये से ज्यादा का बिजली बिल बकाया बताया गया है। बकाया राशि जमा नहीं होने पर विभाग ने दोनों कनेक्शन काट दिए।

मिली जानकारी के अनुसार सिंगल फेज कनेक्शन का बिजली बिल साल 2023 से जमा नहीं किया गया था, जिसके चलते बकाया राशि बढ़कर करीब 2.30 लाख रुपये तक पहुंच गई। वहीं थ्री फेज कनेक्शन का करीब एक साल से बिल बकाया बताया जा रहा है। बिजली विभाग की कार्रवाई को करीब दो दिन हो चुके हैं। बिजली विभाग के सहायक अभियंता अविनाश लकड़ा ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई है।

गीदम रेंजर शिव टंडन ने बताया कि संबंधित भवन वन विभाग का है, और फिलहाल विधायक चैतराम अटामी को आवंटित है। उन्होंने बताया कि भवन में लगे एक मीटर पर किसी कुंवर के नाम से कनेक्शन दर्ज है, जिस पर ढाई लाख रुपये से अधिक का बकाया है। रेंजर ने कहा कि इस संबंध में विभागीय स्तर पर बात-चीत चल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story