कुम्हार समाज ने विधायक से की मुलाकात, मिट्टी का घड़ा भेंट कर रखीं समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
कुम्हार समाज ने विधायक से की मुलाकात, मिट्टी का घड़ा भेंट कर रखीं समस्याएं


धमतरी, 03 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कुंभकार समाज, जिला धमतरी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने रविवार को रुद्री स्थित विधायक निवास पहुंचकर विधायक ओंकार साहू से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान समाज की ओर से पारंपरिक कला का प्रतीक मिट्टी का घड़ा भेंट कर सम्मान प्रकट किया गया। साथ ही कुम्हार समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि कुम्हार समाज आज कई समस्याओं से जूझ रहा है। सबसे बड़ी चुनौती उपयोगी मिट्टी की उपलब्धता और तैयार उत्पादों के विक्रय के लिए स्थायी बाजार की कमी है। इन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पारंपरिक व्यवसाय लगातार प्रभावित हो रहा है। समाज के लोगों ने मांग की कि प्रशासन स्तर पर ठोस पहल कर इन समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। विधायक ओंकार साहू ने समाज की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि इस विषय पर कलेक्टर से चर्चा कर जल्द समाधान की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक व्यवसाय और लोक कला को संरक्षित करना जरूरी है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान अमर शहीद मिंधू कुम्हार सामुदायिक भवन, धमतरी में किचन सेट निर्माण के लिए भी मांग पत्र सौंपा गया। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस सुविधा के अभाव में सामुदायिक आयोजनों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मुलाकात के दौरान प्रांतीय सदस्य द्विजराम कुंभकार, संरक्षक वीशु चक्रधारी, सलाहकार लुमेश कुंभकार, पूर्व केंद्र सचिव उमेश प्रसाद पाडे, जिला प्रतिनिधि विजय कुंभकार सहित समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे।

जिलाध्यक्ष गगन कुंभकार ने कहा कि वर्तमान समय में कुम्हार समाज आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों से जूझ रहा है। बढ़ती महंगाई के कारण लागत में वृद्धि हो गई है, जबकि उत्पादों से अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते नई पीढ़ी पारंपरिक मिट्टी के कार्य से दूर होती जा रही है, जो चिंता का विषय है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story