अंबिकापुर में पुलिस की बोलेरो लेकर भागा बदमाश, आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अंबिकापुर में पुलिस की बोलेरो लेकर भागा बदमाश, आरोपित गिरफ्तार


अंबिकापुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में गांजा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची बीते रात पुलिस टीम के साथ हैरान कर देने वाली घटना हुई। छापेमारी के दौरान एक बदमाश पुलिस की बोलेरो गाड़ी लेकर फरार हो गया, हालांकि मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे जल्द ही पकड़ लिया गया।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार रात सत्तीपारा इलाके में गांजा तस्कर की तलाश में पहुंची थी। पुलिस गोपाल नामदेव नामक आरोपित की तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान गोपाल नामदेव का जीजा मुकेश नामदेव अचानक छत से कूदकर सड़क पर आ गया। सड़क किनारे पुलिस की बोलेरो वाहन खड़ी थी, जिसमें चाबी लगी हुई थी और मौके पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।

मौका पाकर मुकेश नामदेव बोलेरो में सवार हुआ और गाड़ी स्टार्ट कर फरार हो गया। पुलिस वाहन चोरी की इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि बोलेरो वाहन में ही प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे का मोबाइल फोन छूट गया था। पुलिस ने तत्काल मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जिससे वाहन की स्थिति का पता चल सका। लोकेशन राम मंदिर के पास मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची, जहां बोलेरो वाहन खड़ी मिली।

पुलिस ने आसपास सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपित मुकेश नामदेव को हिरासत में ले लिया। उसके पास से वाहन की चाबी भी बरामद की गई। बोलेरो वाहन घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मिली।

सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने आज मंगलवार काे बताया कि आरोपित के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story