सुकमा पुलिस एवं सेवा पथ फाउंडेशन ने निशुल्क सिलाई केंद्र का किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
सुकमा पुलिस एवं सेवा पथ फाउंडेशन ने निशुल्क सिलाई केंद्र का किया शुभारंभ


सुकमा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सुकमा में गुरुवार को ‘सेवा पथ एक पहल’ के तहत निःशुल्क सिलाई केंद्र का शुभारंभ किया गया। पुलिस की वर्दी पहनकर जवान भले ही मोर्चे पर अपनी जिम्मेदारियां निभाते हों, लेकिन उनके पीछे परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाली महिलाओं का योगदान भी कम नहीं है। इस केंद्र के माध्यम से पुलिस परिवार की 150 महिलाओं को तीन महीने तक सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दाैरान एएसपी रोहित शाह, राजीव शर्मा, प्रेमलता गुर्जर, असिता गुर्जर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर ने कहा कि हर वर्दी के पीछे एक परिवार होता है। परिवार की जिम्मेदारियों का बड़ा हिस्सा महिलाएं संभालती हैं। पुलिस परिवार की इन्हीं महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सिलाई प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया है। उन्हाेने कहा कि सेवा पथ एक पहल और पूज्य संजीव कृष्ण ठाकुर की ओर से सराहनीय पहल की गई है। इस पहल का लक्ष्य सिर्फ प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां महिलाएं अपनी प्रतिभा और हुनर के दम पर आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम में संजीव कृष्ण ठाकुर ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तीन महीने का यह प्रशिक्षण उनके लिए भविष्य की नई संभावनाओं के द्वार खोल सकता है। बस्तर क्षेत्र ने लंबे समय तक अनेक कठिनाइयों का सामना किया है। ऐसे में महिलाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना उम्मीद और सकारात्मक बदलाव का संदेश देता है। महिलाओं को कमजोर समझना उचित नहीं है, परिवार और समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं को सक्षम बनाने के लिए किए जाने वाले प्रयास समाज को भी मजबूत बनाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story