धनतेरस-दीपावली पर बाजारों की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस अलर्ट, सादी वर्दी में पुलिस की पैनी नजर

WhatsApp Channel Join Now
धनतेरस-दीपावली पर बाजारों की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस अलर्ट, सादी वर्दी में पुलिस की पैनी नजर


रायगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। त्योहारी भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी, जेबकटमारी, झपटमारी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की आशंका को देखते हुए क्षेत्र के प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमित सशस्त्र पेट्रोलिंग और विजुअल पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशों के पालन में सीएसपी रायगढ़ राहुल उईके, डीएसपी अजय नागवंशी, टीआई अमित तिवारी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय के प्रमुख बाजारों में पिछले करीब एक सप्ताह से प्रतिदिन शाम के समय रक्षित केंद्र के सशस्त्र जवानों एवं विभिन्न थानों की पुलिस टीम द्वारा पैदल एवं सशस्त्र पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस की टीमें बाजारों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रही हैं। इसके साथ ही सादी वर्दी में पुलिस जवानों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि भीड़भाड़ के बीच चोरी, उठाईगिरी एवं झपटमारी जैसी घटनाओं को रोका जा सके। विशेष रूप से सराफा दुकानों, मोबाइल शोरूम एवं अन्य कीमती सामानों के प्रतिष्ठानों के आसपास सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। रायगढ़ पुलिस का उद्देश्य त्योहारी खरीदारी के दौरान आम नागरिकों एवं व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और असामाजिक तत्वों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का प्रभावी संदेश देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story