जशपुर : दिवंगत आरक्षक के परिवार को मिला 1 करोड़ रुपये का बीमा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
जशपुर : दिवंगत आरक्षक के परिवार को मिला 1 करोड़ रुपये का बीमा लाभ


जशपुर : दिवंगत आरक्षक के परिवार को मिला 1 करोड़ रुपये का बीमा लाभ


जशपुर, 13 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी “पुलिस सैलरी पैकेज” योजना के तहत जशपुर जिले के रक्षित केंद्र में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक स्वर्गीय रमेश बड़ा के परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। योजना के अंतर्गत उनकी पत्नी सोलमा बाई को भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से 1 करोड़ रुपये की जीवन बीमा सहायता राशि दी गई।

दरअसल, स्वर्गीय रमेश बड़ा की 6 अगस्त 2025 को एक दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। उस समय वे रक्षित केंद्र जशपुर में पदस्थ थे। स्वर्गीय रमेश बड़ा ने 8 जनवरी 1995 को अविभाजित मध्यप्रदेश के गुना जिले से आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी और लंबे समय तक विभाग में अपनी सेवाएं दीं।

योजना की आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने भारतीय स्टेट बैंक जशपुर के मुख्य प्रबंधक समीर कुमार, वरिष्ठ सहायक संदीप कुमार सिंह और गौतम कुमार झा की उपस्थिति में दिवंगत आरक्षक की पत्नी सोलमा बाई और उनके परिजनों को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा बैंक अधिकारियों ने परिजनों को प्राप्त राशि के सुरक्षित और समुचित उपयोग के संबंध में जानकारी भी दी। उन्होंने फंड मैनेजमेंट के बारे में भी मार्गदर्शन दिया, ताकि भविष्य में इस राशि का सही और सुरक्षित उपयोग किया जा सके।

इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की “पुलिस सैलरी पैकेज” योजना पुलिस परिवारों के लिए सुरक्षा कवच की तरह है। इस योजना के तहत ड्यूटी के दौरान या दुर्घटना में मृत्यु होने पर नामांकित सदस्य को 1 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर तथा सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे इस योजना से जुड़कर अपने वेतन खाते को एसबीआई के पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत पंजीकृत रखें और नामांकन की जानकारी समय-समय पर अपडेट करते रहें, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में उनके परिवार को योजना का पूरा लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story