जांजगीर-चांपा में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, पांच जुआरी गिरफ्तार, नकदी और ताश के पत्ते जब्त

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, पांच जुआरी गिरफ्तार, नकदी और ताश के पत्ते जब्त


जांजगीर-चांपा, 22 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र राहौद की टीम ने आज गुरुवार काे ग्राम मेंहदी में जुए के फड़ पर छापेमारी कर पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 3,100 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। सभी आरोपिताें के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस सहायता केंद्र राहौद को ग्राम मेंहदी में कुछ लोगों द्वारा जुआ खेलने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। मौके से 3,100 रुपये नकद और ताश की एक गड्डी बरामद की गई। पकड़े गए आरोपिताें की पहचान राजू चौहान, मोहन चौहान, चेतन चौहान और साहिल सुमन के रूप में हुई है। यह चारों ग्राम मेंहदी, थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के निवासी हैं। वहीं पांचवां आरोपित मलेस केवट ग्राम राहौद, थाना शिवरीनारायण का रहने वाला है।

पुलिस ने सभी पांच आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पुलिस सहायता केंद्र राहौद प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765155 Articles

Share this story